आयुष एक्सपो में माणक ने कराई 'राजस्थानी भाषा की आयुर्वेद डॉक्टर्स के लिए उपयोगिता' विषय पर वार्ता


बैस्ट रिपोर्टर न्यूज,जयपुर (अनिल यादव )। जवाहर कला केन्द्र जयपुर स्थित  'शिल्पग्राम' में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान व आयुष मंत्रालय द्वारा प्रायोजित आयुष एक्स्पो व आहार मेले में मीडिया समूह जलते दीप की राजस्थानी भाषा की मासिक पत्रिका 'माणक' के सहयोग से 'राजस्थानी भाषा की आयुर्वेद डॉक्टर्स के लिए उपयोगिता' विषय पर वार्ता आयोजित की गई। वार्ता में एनआईए के निदेशक व कुलपति डॉ.संजीव शर्मा,डीन सी.आर.यादव,मॉडरेटर डॉ.अनिता शर्मा,डॉ.सुरेन्द्र शर्मा ,प्रो.अजय साहू,राजस्थानी भाषा के मशहूर मर्मज्ञ व कवि किशोर पारीक,प्रो.कमलेश कुमार शर्मा,माणक पत्रिका के विशेष प्रतिनिधि वी.बी.जैन ने शिरकत की तथा अपना सम्बोधन दिया। वार्ता में मॉडरेटर डॉ.अनिता शर्मा ने आयुर्वेद के डॉक्टरों के लिए राजस्थानी भाषा को बेहद उपयोगी बताया। माणक पत्रिका के प्रतिनिधि वी.बी.जैन के अनुसार राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के विद्यार्थियों में से अधिकांश राजस्थान से हैं अत:  उन्हें राजस्थानी भाषा की समझ रखना बेहद जरूरी है। वार्ता के दौरान राजस्थानी भाषा के प्रसिद्ध कवि किशोर पारीक ने राजस्थानी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा राजस्थानी भाषा में कविता पाठ भी किया। डॉ.सुरेन्द्र शर्मा ने सुझाव दिया कि आर्युवेद के डॉक्टर्स व आम जन को राजस्थानी भाषा से परिचित कराने के लिए एक बहुभाषी शब्दकोश का निर्माण किया जाना चाहिए। वार्ता के दौरान सतपक्ष पत्रकार मंच के अध्यक्ष अनिल यादव,मनीष जाजड़ा,ओम दैया सहित अनेक डॉक्टर व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वार्ता के बाद आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटेचा एवं संयुक्त सचिव डी.सेंथिल पांडियन ने आयुष एक्स्पो व आहार मेले का अवलोकन किया तथा आयुर्वेद के अनुसार आहार व दिनचर्या को बेहतरीन स्वास्थ्य हेतु आवश्यक बताया।