मोदी-अडानी का रिश्ता क्या है ?

 कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह में काली पट्टी बांधकर उठाया सवाल


बैस्ट रिपोर्टर न्यूज,जयपुर (अनिल यादव) । राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर सी.बी.यादव की अगुवाई में राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग करने के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने चोमूं (जयपुर) स्थित कांग्रेस कार्यालय में “संकल्प सत्याग्रह“ किया। 

संकल्प सत्याग्रह में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों ने अपने हाथ पर काली पट्टी बांध रखी थी एवं हाथ में “लोकतंत्र बचाओ“ “संविधान बचाओ“ की तख्तियां लिए हुए थे। सत्याग्रह के कई प्रतिभागियों नरेंद्र मोदी एवं अडानी की फोटो के साथ “यह रिश्ता क्या है?“ लिखी हुई तख्तियां लेकर इस सत्याग्रह में सम्मिलित हुए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर सी.बी. यादव एवं अन्य कई सत्याग्रही संकल्प सत्याग्रह के दौरान लगातार चरखे से सूत कातते रहे। सत्याग्रह के दौरान काटे गए सूत की माला बनाकर महात्मा गांधी की प्रतिमा को पहनाई गई। कांग्रेस के इस सत्याग्रह के दौरान लगातार रघुपति राघव राजा राम एवं जय जगत जय जगत पुकारे जा.. की धुन पर गांधी भजन की धून पर गुनगुनाते रहे।

राष्ट्रपति को पोस्टकार्ड लिखकर लोकतंत्र बचाने का किया आग्रह 

सत्याग्रह में शामिल सभी सत्याग्रहियों के द्वारा भारत की राष्ट्रपति महोदय के नाम पोस्टकार्ड पत्र लिखा गया। जिसमें केंद्र सरकार द्वारा यह जा रहे संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को रोककर लोकतंत्र की बुनियाद को बचाने का आग्रह किया गया। पोस्टकार्ड पत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करना पूरी तरह अलोकतांत्रिक एवं तानाशाही पूर्ण कार्रवाई बतलाई गई। सत्याग्रह में वक्ताओं द्वारा चेतावनी दी गई कि यदि केंद्र की भाजपा सरकार इसी तरह लोकतांत्रिक संस्थाओं का क्षरण करती रहेगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने पर उतारू हो जाएगा। इस संकल्प सत्याग्रह में चोमू के पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी, नगर पालिका चेयरमैन विष्णु कुमार सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष गिरिराज देवेंदा , भारत यात्री गोपाल तिवारी आदि ने संबोधित किया।