आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन का 26 वां राष्ट्रीय महाधिवेशन आयोजित

 अध्यक्ष कॉमरेड वी. रमेश, महासचिव कॉमरेड  श्रीकांत मिश्रा चुने गए। कॉमरेड रामचन्द्र शर्मा चौथी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने गए


बैस्ट रिपोर्टर न्यूज । कोलकाता । महाधिवेशन से लौटे नाॅर्दर्न जोन इन्श्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा ने बताया कि देश के बीमा कर्मचारियों के श्रम संगठन आल इंडिया इन्श्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन का 26वां राष्ट्रीय महाधिवेशन कोलकाता में ज्योति बसु रिसर्च सेंटर में 8-11 जनवरी को आयोजित हुआ। इससे पूर्व कार्यसमिति की बैठक भी हुई। सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए जाने माने अर्थशास्त्री थामस आईजाक ने कहा कि लम्बे अनुभवों से यह सामने आ चुका है कि पूंजीवादी अर्थव्यवस्था मानव के जीवन को सुरक्षित नहीं कर सकती है। वह तो श्रमशक्ति के मनमाने दोहन से अधिकतम लाभ कमाने की होड़ में मानव के द्वारा मानव के शोषण की व्यवस्था को मजबूत कर कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को कागजी बना देती है। बाजारवादी शक्तियां लोक कल्याण को निगल सार्वजनिक सम्पदाओं को निजी मालिकाने में ले लेती हैं। आज सार्वजनिक उपक्रमों का विनिवेश और निजीकरण इसी ध्येय से किया जा रहा है। देश को आर्थिक सुदृढ़ता और आत्मनिर्भर विकास के बहुआयामी योगदान करने वाले LIC  जैसे पहले नम्बर के वित्तीय संस्थान को शेयर बाजार के सटोरियों के हाथों की कठपुतली बनाने के सरकारी प्रयासों का बीमा कर्मचारियों के साथ देश की जनता ने कड़ा विरोध किया है और यह निरन्तर जारी रहकर ही "जीवन के साथ और उसके बाद भी" के नारे को सच कर सकता है।

 बैंक, बीमा व अन्य बिरादराना संगठनों के नेताओं ने भी उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। विशाल रैली के बाद शुरू हुए उद्घाटन सत्र में सर्वप्रथम कलकत्ता विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ रतन खासनवीस ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रतिनिधि सत्र के दौरान सीटू के राष्ट्रीय महासचिव काॅमरेड तपन सेन ने भी संबोधित करते हुए अपने को बीमा कर्मचारियों के आंदोलन का सहभागी बताया। इस बीच कोलकाता में निवास कर रहे आल इंडिया इन्श्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य और पूर्व अध्यक्ष काॅमरेड चन्द्र शेखर बोस का अपने जीवन के सौ वर्ष पूरे करने पर अभिनंदन भी किया गया। 

महामंत्री कॉमरेड श्रीकांत मिश्रा ने कार्यसमिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट में देश दुनिया के हालातों के साथ बीमा उद्योग के समक्ष पेश चुनौतियों का जायजा लेते हुए भावी कार्ययोजना और जरूरी सांगठनिक कार्रवाइयों पर जोर दिया। महामंत्री द्वारा पेश रिपोर्ट पर खुलकर चर्चा हुई और 68 प्रतिनिधियों ने बहस में हिस्सा लिया। 19 जनवरी से शुरू जनजागृति अभियान के विभिन्न चरणों के साथ कर्मचारियों के लम्बित मुद्दों पर बजट सत्र के दौरान दो घंटे की कार्य बहिष्कार हड़ताल व महंगाई, बेकारी सहित आमजनता के मुद्दे और श्रमिकों किसानों के मुद्दे पर केंद्रीय श्रमिक संगठनों व किसान मोर्चा के आह्वान पर 5 अप्रैल को जंतर-मंतर पर विशाल प्रदर्शन करने का भी फैसला लिया गया है।

महाधिवेशन ने सर्वसम्मति से नयी कार्यकारिणी व पदाधिकारियों का सर्व सम्मति से निर्वाचित किया। जिसमें अध्यक्ष काॅमरेड वी. रमेश, महासचिव काॅमरेड श्रीकान्त मिश्रा, कोषाध्यक्ष काॅमरेड बी. एस. रवि व सहकोषाध्यक्ष काॅमरेड राजशेखर को चुना गया।

जयपुर से नार्दर्न जोन इन्श्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा चौथी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने गए। उनके साथ मेरठ से संजीव शर्मा, रायपुर से बी सान्याल, जमशेदपुर से प्रदीप मुखर्जी, जलपाईगुड़ी से ध्रुवज्योति गांगुली, केरल से पीपीकृष्णन, राजकोट से हर्षद पोपट, राजमुन्द्री से पी. सतीश, चेन्नई से जी आंनद उपाध्यक्ष चुने गए। इसके साथ 9 राष्ट्रीय सहसचिव दिल्ली से नार्दर्न जोन इन्श्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव नवीन चंद, कानपुर से राजीव निगम, रायपुर से धर्मराज महापात्र, हैदराबाद से रविन्द्रनाथ, उड़ीसा से त्रिनाथ डोरा, अहमदाबाद से एच आई भट्ट, कोलकाता से अमिताव घोष, आम बीमा क्षेत्र के संजय झां, कोयंबटूर से एम. गिरिजा सहसचिव चुने गए। देशभर के मंडलों से कार्यसमिति सदस्य चुने गए जिसमें जयपुर से सुमित कुमार हैं।